खेल कूद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
खेल कूद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 19 जनवरी 2026

प्रैक्टिकल एआई पर रोटरी गैलेक्सी का संवाद, विशेषज्ञों ने बताए छोटे कारोबार के लिए बड़े समाधान

 







-टीएसएच में “प्रैक्टिकल एआई” विषय पर आयोजित हुआ इंटरएक्टिव टॉक शो

-अभय रंजन, अविनाश अरोड़ा, सनी मेहरोत्रा और कोमल जालान ने रखे विचार

-छोटे कारोबार के लिए एआई के आसान और उपयोगी समाधान बताए गए

-शिक्षा, उद्योग और दैनिक जीवन में एआई की बढ़ती भूमिका पर चर्चा हुई


कानपुर। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गैलेक्सी की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित “प्रैक्टिकल एआई: टूल्स, टिप्स एंड ट्रूथ्स फॉर एसएमबी” विषयक इंटरएक्टिव टॉक शो का आयोजन रविवार को द स्पोर्ट्ज़ हब (टीएसएच) में किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों, प्रोफेशनल्स, शिक्षाविदों, छात्रों और रोटरी सदस्यों की बड़ी भागीदारी रही। खास बात यह रही कि सत्र में एआई को सैद्धांतिक नहीं, बल्कि व्यवहारिक दृष्टि से समझाने पर जोर दिया गया।


टॉक शो में देश-विदेश से जुड़े एआई विशेषज्ञों ने शिरकत की। जयपुर के एआई ट्रेनर अभय रंजन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी अवधारणाओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए बताया कि किस तरह छोटे और मध्यम व्यवसाय (एसएमबी) भी सीमित संसाधनों में एआई टूल्स का प्रभावी उपयोग कर सकते हैं। दिल्ली के ऑर्बिट ग्रुप के चीफ एआई ऑफिसर अविनाश अरोड़ा ने उद्योग जगत के अनुभव साझा करते हुए कहा कि एआई अब केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सही रणनीति के साथ यह छोटे कारोबारों की उत्पादकता और निर्णय क्षमता को भी मजबूत बना रहा है।


टॉक शो में यूएस से गूगल एक्जीक्यूटिव सनी मेहरोत्रा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई के मेल से होने वाले नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आने वाले समय में एआई आधारित समाधान व्यवसाय और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। वहीं ऑस्ट्रेलियाई निवेश प्रोफेशनल कोमल जालान ने वैश्विक निवेश परिदृश्य में एआई की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि तकनीक को समझकर अपनाने वाले संस्थानों और उद्यमियों के लिए भविष्य में अपार संभावनाएं हैं।


कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, प्रशासन और दैनिक जीवन में एआई के उपयोग, इसके लाभ, चुनौतियां और नैतिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गैलेक्सी के उपाध्यक्ष पियूष अग्रवाल ने कहा कि एआई आज की जरूरत बन चुका है और ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम समाज को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल हैं। इस अवसर पर प्रेसीडेंट प्रदीप अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर हिमांशू कपूर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

शुक्रवार, 28 नवंबर 2025

नन्हे युवा खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, धरती बचाने का दिया संदेश







कानपुर 28 नवंबर 2025 सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर में गुरुवार और शुक्रवार को दो दिवसीय 'जूनियर स्पोर्ट्स डे' का आयोजन हुआ। इस वर्ष खेलकूद समारोह की थीम 'प्ले फॉर द प्लैनेट नवकृति 2025' रखी गई, जिसके जरिए बच्चों ने खेल और पर्यावरण जागरूकता का अनूठा मेल प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम की शुरुआत 'मदर अर्थ' के प्रभावशाली प्रवेश से हुई, जिन्होंने पृथ्वी को बचाने की मार्मिक अपील की। इसके बाद, छात्रों ने जिमनास्टिक, ताइक्वांडो और स्केटिंग जैसे रोमांचक प्रदर्शनों से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के नृत्य ने भी खूब वाहवाही लूटी।


कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर यूनाइटेड पब्लिक स्कूल के चेयरमैन श्री आई. एम. रोहतगी उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रिंसिपल शोभा दास ने स्वागत भाषण में खेल, मूल्यों और पर्यावरण जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के समग्र विकास के उद्देश्य को साझा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।


विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। *खासकर, कक्षा एक के छात्र वियान गुप्ता ने लगातार दूसरे साल बच्चों की दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दर्शक दीर्घा में बैठे उनके माता और पिता ने खुशी से तालियां बजाकर उसका हौसला बढ़ाया। वियान की इस उपलब्धि की स्कूल के शिक्षकों और प्रधानाचार्य ने भी खूब सराहना की।*


यह खेल दिवस नन्हे-मुन्ने खिलाड़ियों की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन साबित हुआ, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शनिवार, 1 नवंबर 2025

सुनील शेट्टी, अहान शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल की नई पारी

 



 यह पहली बार है जब मशहूर फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी व अहान शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल एक साथ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में निवेश कर रहे हैं, जिससे एक्सेलमोटो को क्रॉस-जनरेशन विश्वसनीयता और एक सशक्त पहचान मिली है। फिल्म स्टार सुनील शेट्टी, अहान शेट्टी व क्रिकेट खिलाड़ी केएल राहुल और अक्षय वर्दे ने बी2बी लॉजिस्टिक्स प्रवेश और सर्व-समावेशी ‘स्कूट’ लॉन्च किया। एक्सेलमोटो सेलिब्रिटी समर्थित इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड ने एक नए अध्याय में प्रवेश किया है। कंपनी ने नई ‘स्कूट’ इलेक्ट्रिक साइकिल लॉन्च की है जो स्कूटर-शैली की डिज़ाइन के साथ आती है, जिसमें सहज पेडल-असिस्ट और आरामदायक बेंच सीट है।

निवेशक एवं मेंटर सुनील शेट्टी ने कहा कि “स्वच्छ और सुलभ मोबिलिटी हर आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक है। ‘स्कूट’ एक ऐसा डिज़ाइन है जो सभी उम्र के राइडर्स का सम्मान करता है। एक्सेलमोटो विश्वास और प्रभाव दोनों बना रहा है। हमें उम्मीद है कि 12 से 18 महीनों में ब्रांड लाभप्रदता तक पहुँच जाएगा। इसी तरह सह निवेशक व क्रिकेटर केएल राहुल ने कहा कि मूलभूत सिद्धांत ही बाजार के नेताओं को परिभाषित करते हैं। यह केवल व्यक्तिगत मोबिलिटी तक सीमित नहीं, बल्कि भारत के अंतिम मील कॉमर्स के लिए आधारभूत संरचना तैयार कर रहा है। उधर, अभिनेता और सह-निवेशक अहान शेट्टी ने कहा कि ‘‘मेरी पीढ़ी ऐसे ब्रांड्स को पसंद करती है जो हमारे साथ विकसित होते हैं, सिर्फ हमसे संवाद नहीं करते। म्ग्म्स्उवजव ने स्टाइल से शुरुआत की थी, अब यह तकनीक, डिज़ाइन और प्रभाव पर केंद्रित है। यह दृष्टिकोण भविष्य के लिए टिकाऊ प्रभाव पैदा करेगा।’’ एक्सेलमोटो कें सीईओ एवं संस्थापक अक्षय वर्दे ने कहा कि डेल्हीवेरी ने वास्तविक परिस्थितियों में उत्पाद की विश्वसनीयता साबित की है। हम लॉजिस्टिक्स और क्विक कॉमर्स सेक्टर पर केंद्रित हैं और यह एक स्केलेबल बिजनेस मॉडल है। 

यह उत्पाद विशेष रूप से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो स्वतंत्रता, सुविधा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। ‘स्कूट’ बिना लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के उपयोग के लिए है। यह स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली की दिशा में एक सस्ती और सुलभ माइक्रो-मोबिलिटी पहल है। जून अभियान के बाद उपभोक्ता मांग और ब्रांड की बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई।

गुरुवार, 23 अक्टूबर 2025

संयुक्त पुलिस आयुक्त द्वारा कानपुर पुलिस लाइन में किया गया फायरिंग अभ्यास

 





संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री आशुतोष कुमार द्वारा पुलिस लाइन ग्राउण्ड, कानपुर नगर में फायरिंग अभ्यास किया गया।* इस दौरान महोदय द्वारा अपने स्कॉर्ट के साथ *ग्लॉक पिस्टल एवं MP5 हथियार* से फायरिंग अभ्यास करते हुए पुलिस बल को हथियारों के कुशल संचालन, सटीक निशानेबाजी तथा सुरक्षा मानकों के पालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

फायरिंग अभ्यास के दौरान महोदय ने पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से फायरिंग प्रशिक्षण करने, हथियारों की तकनीकी जानकारी बनाए रखने तथा आकस्मिक स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रेरित किया।

सोमवार, 6 अक्टूबर 2025

टीएसएच ग्राउंड पर आईपीएस अखिल कुमार का 25वां मैच और 1000 रन!

 



पूर्व पुलिस कमिश्नर का यह गोल्डन माइलस्टोन ‘टीएसएच क्रिकेट इतिहास का यादगार पल’


कानपुर। ‘द स्पोर्ट्स हब’ (टीएसएच) पालिका ग्राउंड पर खेले गए एक मैत्री क्रिकेट मैच में  पुलिस आयुक्त रहे अखिल कुमार ने एक खास उपलब्धि दर्ज की। सीपी इलेवन और मेयर इलेवन के बीच हुए इस मुकाबले में पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने टीएसएच मैदान पर अपना 25वां मैच खेलते हुए 1000 रन पूरे कर लेने का गौरव प्राप्त किया। 

पुलिस कमिश्नर इलेवन कप्तान अखिल कुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अखिल कुमार ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 गेंदों में 55 रन बनाकर टीम को अमूल्य योगदान दिया। इसमें उनके चार चौके और दो छक्के भी शामिल हैं। उनके इस पचास रन के आंकड़े के साथ ही टीएसएच मैदान पर उनके व्यक्तिगत रन 1000 का आंकड़ा पार कर गए।

अखिल कुमार के इस उपलब्धि भरे क्षण के साथ ही मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। साथी खिलाड़ियों ने भी उन्हें बधाई देते हुए इस माइलस्टोन को ‘टीएसएच क्रिकेट इतिहास का यादगार पल’ बताया।

पहली पारी में पुलिस कमिश्नर इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में 136 रन बनाकर छह विकेट खोए। जवाब में मेयर इलेवन ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.3 ओवर में 140 रन बनाकर 7 विकेट से जीत हासिल की। मैच में मेयर इलेवन के लिए पियूष मिश्रा (34 रन), देवांश स्वरूप (34 रन) और सचिन (37 रन नाबाद) की पारी निर्णायक साबित हुई। वहीं, गेंदबाजी में पुलिस कमिश्नर इलेवन की ओर से राहुल ने दो विकेट झटके, जबकि गौरांग राठी को एक सफलता मिली।

इस अवसर पर टीएसएच के निदेशक प्रणीत अग्रवाल के अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। टीएसएच निदेशक प्रणीत अग्रवाल ने कहा कि पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार न केवल एक कुशल प्रशासक हैं, बल्कि खेल भावना के भी प्रतीक हैं। उनके 25वें मैच और 1000 रन का यह रिकॉर्ड सभी के लिए प्रेरणा है।

मंगलवार, 12 अगस्त 2025

मेथोडिस्ट स्कूल और गुरू हर राय एकेडमी ने की विजयी शुरुआत

 




-स्व. आत्माराम अग्रवाल मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 

कानपुर। स्व. आत्माराम अग्रवाल मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत मंगलवार को टीएसएच पालिका ग्राउंड में रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई। पहले लीग मैच में मेथोडिस्ट हाई स्कूल ने क्राइस्ट चर्च कॉलेज को 46 रनों से हराकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया। प्रतियोगिता के दूसरे मैच में गुरू हर राय एकेडमी ने बिलाबांग हाई स्कूल को 8 विकेट से हराकर पूर्ण अंक प्राप्त किये। गुरु हर राय एकेडमी के वैदिक दीक्षित और मेथाडिस्ट स्कूल के वैभव त्रिवेदी ‘मैन आफ दि मैच’ घोषित किये गये। केसीए से मान्यता प्राप्त इस प्रतियोगिता में शहर के प्रतिष्ठित 16 स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार पूलों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक पूल में राउंड रॉबिन प्रारूप के तहत मुकाबले होंगे और चारों पूलों की शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

आज के पहले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेथोडिस्ट हाई स्कूल ने 15 ओवर में 7 विकेट पर 147 रन बनाए। टीम के लिए कनिष्क ने 26 गेंदों पर 35 और विराट बाजपेयी ने 17 गेंदों पर 25 रन बनाए। जवाब में क्राइस्ट चर्च कॉलेज की पूरी टीम 13.3 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। कप्तान अभय कुमार ने 13 गेंदों पर 26 रन बनाए। मेथोडिस्ट के वैभव त्रिवेदी ने 12 रन देकर 4 विकेट, जबकि यथार्थ पांडे और सिद्धांत यादव ने 2-2 विकेट झटके।

दूसरे लीग मैच में गुरू हर राय एकेडमी ने बिलाबांग हाई स्कूल को 8 विकेट से मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिलाबांग हाई स्कूल की टीम 14.2 ओवर में 89 रन पर ढेर हो गई। जयान ने 16 गेंदों पर 26 और एमडी ओमर ने 13 गेंदों पर 17 रन बनाए। गुरू हर राय के वैदिक दीक्षित ने 3 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आर्यन पटेल ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में गुरू हर राय एकेडमी ने 11 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वैदिक दीक्षित ने 31 गेंदों पर 43 रन और कप्तान शिवांश शर्मा ने 30 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए।

प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर टीएसएच के निदेशक श्री प्रणीत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि डीसीपी हेड क्वार्टर/क्राइम श्री एस. एम. कासिम आबिदी का प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय कराया। इस अवसर पर ऑडी स्टेडिया के प्रबंध निदेशक श्री राजीव गर्ग विशिष्ट अतिथि थे। स्वागत टीएसएच के क्रिकेट कोच श्री शशिकांत खांडेकर ने किया जबकि डायरेक्टर ऑपरेशंस श्री पी.के. श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि समेत सभी का आभार व्यक्त किया।

गुरुवार, 7 अगस्त 2025

आत्माराम अग्रवाल क्रिकेट टूर्नामेंट 12 से, विजेता को मिलेंगे1.11 लाख का कैश प्राइज

 


-टूर्नामेंट 12 से 20 अगस्त तक द स्पोर्ट्स हब, आर्यनगर के मैदान में खेला जाएगा

-प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹1,11,000 व उपविजेता को मिलेगा


₹51,000 का इनाम

-केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों के नियमित छात्र ही टूर्नामेंट में भाग ले सकेंगे

-मैच 20-20 ओवर के होंगे, फाइनल मुकाबला फ्लड लाइट में खेला जाएगा


कानपुर। स्व. आत्माराम अग्रवाल मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का आयोजन आगामी 12 अगस्त से 20 अगस्त तक द स्पोर्ट्स हब, आर्यनगर, कानपुर में किया जा रहा है। टूर्नामेंट का संचालन ‘द स्पोर्ट्स हब’ द्वारा किया जाएगा, जिसे कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की मान्यता प्राप्त है। आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें चार समूहों में विभाजित किया गया है। हर ग्रुप में राउंड रॉबिन आधार पर मैच होंगे और प्रत्येक ग्रुप की टॉप टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। फाइनल मैच फ्लड लाइट में खेला जाएगा।


प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,11,000 रुपये, उपविजेता को 51,000 रुपये और द्वितीय उपविजेता को 11,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त तीनों शीर्ष टीमों के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत मेडल व ट्रॉफियां और सभी प्रतिभागी टीमों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी, एक कोच और एक टीम मैनेजर शामिल होंगे। खिलाड़ियों के लिए सफेद जर्सी, सफेद ट्राउजर व खेल जूते पहनना अनिवार्य किया गया है। मैच 20-20 ओवरों के होंगे और हर दिन तीन मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। सेमीफाइनल, ब्रॉन्ज मेडल मैच और फाइनल क्रमशः एक-एक दिन में कराए जाएंगे।


आयोजकों ने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट में केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों के नियमित छात्र ही भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए पिछले शैक्षणिक सत्र की अंकतालिका व विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित पहचान पत्र आवश्यक होगा। किसी भी टीम में बाहरी खिलाड़ी की पुष्टि होने पर उसे तत्काल प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा। मैच के दौरान अनुशासन, खेल भावना और नियमों का पालन अनिवार्य होगा। अम्पायरों और विरोधी टीम के साथ दुर्व्यवहार पर केसीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि मैचों के दौरान खिलाड़ियों को जलपान और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि परिवहन, किट व अन्य व्यवस्थाएं संबंधित विद्यालयों को स्वयं करनी होंगी। टूर्नामेंट से संबंधित सभी निर्णयों का अंतिम अधिकार टीएसएच टूर्नामेंट समिति के पास सुरक्षित रहेगा। आयोजन अध्यक्ष पी.के. श्रीवास्तव एवं आयोजन सचिव शशिकांत खंडेकर ने सभी विद्यालयों से समय से पंजीकरण कराने और खिलाड़ियों की सूची नियमानुसार जमा करने की अपील की है।

मंगलवार, 5 अगस्त 2025

ईडब्ल्यूएस बच्चों के लिए टीएसएच में छठे प्रशिक्षण सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू

 



-स्पोर्ट्स हब में ईडब्ल्यूएस वर्ग के बच्चों को मिलेगा दस खेलों में निःशुल्क प्रशिक्षण 

-13 अगस्त से आरंभ होगा नया सत्र, अब तक 88 पदक जीत चुके हैं टीएसएच के खिलाड़ी

-अब तक पांच सत्रों में 1259 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, जिला व राज्य स्तर पर 88 पदक अर्जित


कानपुर। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रतिभाशाली बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण देने वाले द स्पोर्ट्स हब में अब छठे प्रशिक्षण सत्र की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस बारे में आज मंगलवार को द स्पोर्ट्स हब में हुई पत्रकार वार्ता में कानपुर नगर निगम के इंटरनल ऑडिटर सुचित अग्रवाल, टीएसएच के डायरेक्टर ऑपरेशंस पी.के. श्रीवास्तव और मुख्य क्रिकेट कोच शशिकांत खांडेकर ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

श्री अग्रवाल ने बताया गया कि छठे सत्र के लिए आवेदन पत्रों का वितरण 25 जुलाई से किया जा रहा है। इसके उपरांत सात अगस्त से चयन ट्रायल्स आयोजित होंगे, जिनके आधार पर योग्य खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। 13 अगस्त (बुधवार) से नए प्रशिक्षण सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी।

संस्थान में बच्चों को दस प्रमुख खेल बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, तैराकी, शूटिंग, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो कृ का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होता है, जिसका लाभ विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उन बच्चों को मिलता है, जिनमें प्रतिभा तो होती है लेकिन संसाधनों का अभाव उन्हें पीछे रोक देता है।

इससे पहले पिछले सप्ताह स्पोर्ट्स हब परिसर में नगर निगम और समन्वय समिति के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें आगामी सत्र की रूपरेखा तय की गई थी। बैठक में केएनएन के इंटरनल ऑडिटर सुचित अग्रवाल, आईटी विशेषज्ञ अशुतोष विक्रम सिंह, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक, उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉ. देवेश दुबे, ऑडी स्टेडिया कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड के एमडी राजीव गर्ग और ट्रांस स्टेडिया के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

बैठक में अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि मार्च 2023 से जुलाई 2025 के बीच पांच प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से कुल 1259 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। इनमें से कई खिलाड़ियों ने जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए कुल 88 पदक जीतकर संस्थान और शहर का गौरव बढ़ाया है। द स्पोर्ट्स हब ने अल्प समय में जिस प्रकार से खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बनता जा रहा है। छठे सत्र में भी बड़ी संख्या में आवेदन की संभावना जताई जा रही है।

सोमवार, 4 अगस्त 2025

टीएसएच के खिलाड़ियों का स्टेट टेबल टेनिस में जलवा, आशुतोष ने जीता गोल्ड

 


कानपुर। एसआरएमएस कॉलेज, बरेली में 1 से 3 अगस्त तक आयोजित 3rd स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में द स्पोर्ट्स हब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद और टीएसएच का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन हब के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खेल का स्तर सबसे अलग दिखाई दिया।


अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में लखनऊ के लक्ष्य कुमार को आशुतोष गुप्ता ने सीधे सेटों में 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। आशुतोष की आक्रामक शैली और संतुलित खेल ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। 


वहीं सीनियर मेन्स वर्ग के सेमीफाइनल में सत्यम गिरी गुप्ता को गाजियाबाद के सार्थ मिश्रा के हाथों हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, प्रतियोगिता में उनके अब तक के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें तीसरा स्थान प्रदान किया गया। सत्यम ने टूर्नामेंट में कई दिग्गज खिलाड़ियों को हराकर अपना दमखम दिखाया। अंडर-11 बालक वर्ग में अपराजित सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 


सभी खिलाड़ी द स्पोर्ट्स हब की टेबल टेनिस अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जहां अनुभवी कोच सत्यम कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में युवा प्रतिभाओं को तकनीकी और मानसिक रूप से मजबूत किया जाता है। संस्था में आधुनिक टेबल टेनिस हॉल, विशिष्ट फिटनेस सुविधा, वीडियो एनालिसिस की व्यवस्था और प्रतिस्पर्धी वातावरण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करता है।

शनिवार, 21 जून 2025

हर शहर में हों टीएसएच जैसे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स- पीयूष चावला -टीएसएच में पीयूष चावला की प्रेरक मौजूदगी -प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले- क्रिकेट मेरा जीवन है




 


कानपुर। ‘द स्पोर्ट्स हब’ (टीएसएच) में शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्ल्ड कप विजेता क्रिकेटर पीयूष चावला ने कहा कि क्रिकेट मेरा जीवन है और मैं इससे बेहद प्यार करता हूं। अब तक मैदान पर खेला, अब माइक के साथ कमेंट्री में नजर आ रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश से हूं, लेकिन क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए देशभर में जाऊंगा।

प्रेस कांफ्रेंस में टीएसएच के डायरेक्टर प्रणीत अग्रवाल ने बताया कि संस्था अल्प आय वर्ग के 100 बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण दे रही है, जिनमें 40 बच्चों को हॉस्टल की भी सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि पीयूष चावला जैसे लीजेंड से बच्चों को बहुत कुछ सीखने को मिला है और आगे भी इस प्रकार के कई कैंप आयोजित किए जाएंगे।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शशीकांत खांडेकर की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गौरवपूर्ण बना दिया। पीयूष चावला ने उनके प्रति आभार जताते हुए कहा, “मैं खुद खांडेकर सर की छत्रछाया में बड़ा हुआ हूं, और आज उनके ही मार्गदर्शन में टीएसएच में बच्चे क्रिकेट सीख रहे हैं।”


टीएसएच की सुविधाओं पर बोलते हुए चावला ने कहा कि यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतरीन है और उसके मुकाबले फीस काफी सामान्य है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे यहां प्रशिक्षण ले रहे हैं, उनमें से 8-10 खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका नाम आगे चलकर जरूर सुनाई देगा।


क्रिकेट के भविष्य पर बात करते हुए पीयूष चावला ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद टीम इंडिया को लेकर जो सवाल उठते हैं, उनका जवाब शुक्रवार से शुरू हुए भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच में खिलाड़ियों की शानदार शुरुआत से मिल गया है। टीम इंडिया के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं जो आने वाले दिनों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।

अंत में उन्होंने यह भी कहा कि टीएसएच जैसे कॉम्प्लेक्स अन्य शहरों में भी बनने चाहिए ताकि देशभर के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।

जेसीआई की प्रेरक पहल- स्वास्थ्य, संतुलन व सामूहिक जागरूकता का प्रयास -मलखंभ, एरियल योगा, मेडिटेशन और हीलिंग सेशन ने दिलाई नई ऊर्जा

 







कानपुर। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ यह संदेश देती है कि मनुष्य और प्रकृति का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा है, और योग के माध्यम से हम इस संतुलन को बनाए रख सकते हैं। इसी संदेश को आत्मसात करते हुए जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल ने ‘द स्पोर्ट्स हब’ में भव्य और सार्थक योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के लगभग 100 सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। फ्री फ्लो योगा, एरियल योगा, मलखंभ एक्ट, हीलिंग सेशन और मेडिटेशन जैसी आधुनिक व पारंपरिक विधाओं का समावेश रहा। झांसी, हरिद्वार और ऋषिकेश से आई विशेषज्ञ योग टीम ने उपस्थितजनों को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन स्थापित करने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया।

जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल की उपाध्यक्ष हेल्थ एंड फिटनेस मनिका गुप्ता ने कहा कि यह केवल एक योग सत्र नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की दिशा में उठाया गया एक जागरूकता भरा कदम है। उन्होंने विशेष रूप से जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के अध्यक्ष प्रणीत अग्रवाल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रणीत अग्रवाल की यह पहल न केवल उनकी दूरदृष्टि को दर्शाती है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल अब स्वास्थ्य और वेलनेस जैसे विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के अध्यक्ष प्रणीत अग्रवाल ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है, जो अनुशासन, शांति और ऊर्जा का स्रोत बनता है। 

इस कार्यक्रम के माध्यम से जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल ने यह दिखाया कि योग केवल व्यक्तिगत लाभ का विषय नहीं है, बल्कि यह सामूहिक चेतना, सामूहिक स्वास्थ्य और समाज के समग्र विकास का भी माध्यम है। यह आयोजन न केवल शहर के औद्योगिक वर्ग और युवा नेतृत्व को योग से जोड़ने का कार्य कर रहा है, बल्कि एक ऐसे समाज की ओर बढ़ने की प्रेरणा भी दे रहा है जो मानसिक रूप से शांत, शारीरिक रूप से स्वस्थ और सामाजिक रूप से जागरूक हो। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख सदस्यों में विशाल गुप्ता, मृगांकी गुप्ता, अमित बंधो, दिव्या बंधो, नमन गुप्ता, गीतिका गुप्ता आदि शामिल रहे।

शनिवार, 12 अप्रैल 2025

टीएसएच में निःशुल्क खेल प्रशिक्षण के ट्रायल में उमड़ा उत्साह

 






-15 अप्रैल से टीएसएच में आरंभ होगा खेलों के प्रशिक्षण का नया सत्र

-टीएसएच के ट्रायल में 268 ईडब्ल्यूएस बच्चों ने दिखाया दमखम

-अब हर प्रतिभावान बच्चे को मिलेगा निःशुल्क विश्वस्तरीय प्रशिक्षण


कानपुर। कानपुर नगर निगम, खेलो इंडिया और फिट इंडिया के सहयोग से स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत आर्य नगर में निर्मित एवं संचालित ‘द स्पोर्ट्स हब’ (टीएसएच) ने साबित कर दिया है कि जब मंच और मार्गदर्शन मिले, तो प्रतिभा किसी भी परिस्थिति को पार कर सकती है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए आयोजित किए जा रहे विशेष निःशुल्क खेल प्रशिक्षण शिविर की प्रक्रिया में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शनिवार, 12 अप्रैल को आयोजित ट्रायल में कुल 268 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें उनका शारीरिक एवं खेल कौशल का मूल्यांकन किया गया।

ट्रायल की प्रक्रिया को दो हिस्सों में बाँटा गया था- फिजिकल टेस्ट और स्किल टेस्ट। फिजिकल टेस्ट में बच्चों की फुर्ती, ताकत और स्टैमिना को परखने के लिए शटल रन, ब्रॉड जंप, मेडिसिन बॉल थ्रो और 15 मीटर दौड़ जैसे परीक्षण किए गए। इसके बाद, स्किल टेस्ट में बच्चों के द्वारा आवेदन किए गए खेलों के अनुसार उनके तकनीकी और खेल कौशल की जांच की गई। परीक्षण प्रक्रिया का संचालन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में किया गया, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रही।

इस शिविर के माध्यम से बच्चों को बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कराटे, तैराकी, टेबल टेनिस, कुश्ती, बास्केटबॉल, कबड्डी, शूटिंग, ताइक्वांडो और जूडो जैसे कुल 11 खेलों में अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण एनआईएस के अनुभवी कोचों द्वारा आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों के आधार पर दिया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को खेल के सभी पहलुओं कृ तकनीकी, मानसिक और शारीरिक कृ में मजबूती मिले।


इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को कानपुर नगर निगम, खेलो इंडिया, फिट इंडिया और उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। ट्रायल में भाग लेने वाले बच्चों का सत्यापन नगर निगम द्वारा नामित अधिकारियों सुचित अग्रवाल और आशुतोष विक्रम सिंह द्वारा किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि वास्तव में केवल पात्र और योग्य बच्चों को योजना का लाभ मिले। प्रशिक्षण पूरी तरह से निःशुल्क है, और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर नकद पुरस्कार व खेल छात्रवृत्तियों से भी नवाजा जाएगा, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक अपनी पहुँच बना सकें।

द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) आज कानपुर ही नहीं बल्कि आस-पास के जिलों के लिए भी एक प्रेरणा केंद्र बन चुका है। यह केंद्र न केवल खेल तकनीक, बल्कि फिटनेस, मानसिक मजबूती और रणनीति के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है। खेल प्रशिक्षण का नया सत्र 15 अप्रैल 2025 से प्रारंभ होगा, और इससे पहले ही चयनित बच्चों को आवश्यक सूचनाएं प्रदान की जाएंगी। आर्य नगर में स्मार्ट सिटी योजना द्वारा निर्मित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के इस प्रयास ने यह दिखा दिया है कि जब सरकार, संस्थान और समाज एक साथ आएं, तो देश के हर कोने से प्रतिभा निकलकर आगे आ सकती है।

गुरुवार, 27 मार्च 2025

ईडब्ल्यूएस बच्चों के लिए सुनहरा अवसर: टीएसएच में विश्वस्तरीय निःशुल्क खेल प्रशिक्षण शिविर

 



-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के बच्चों को 11 खेलों में निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

-खिलाड़ियों का चयन 3 अप्रैल 2025 को ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा, और प्रशिक्षण जल्द शुरू होगा।

-अब तक 571 आवेदन फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से 259 फॉर्म जमा हो चुके हैं।

-श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीएसएच बोर्ड द्वारा नकद पुरस्कार और छात्रवृत्ति दी जाएगी।

-टीएसएच में एनआईएस प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ कोचिंग दी जाएगी।


कानपुर: कानपुर के आर्य नगर स्थित "द स्पोर्ट्स हब" (टीएसएच) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के बच्चों के लिए विशेष निःशुल्क खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर उन बच्चों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहते हैं लेकिन आर्थिक सीमाओं के कारण उचित प्रशिक्षण नहीं ले पाते। इस शिविर में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो और कुश्ती सहित कुल 11 खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बच्चों का चयन 3 अप्रैल 2025 को होने वाले ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा, और चयनित बच्चों का प्रशिक्षण चयन प्रक्रिया के बाद शुरू होगा। इस शिविर का उद्देश्य केवल बच्चों को खेलों में निपुण बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।


गुरुवार को टीएसएच में हुई प्रेसवार्ता के दौरान नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, टीएसएच के डायरेक्टर स्पोर्ट्स आर. पी. सिंह, डायरेक्टर ऑपरेशन पी.के. श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत अब तक 571 आवेदन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से 259 फॉर्म जमा हो चुके हैं। इसमें कराटे, बैडमिंटन, तैराकी और जूडो में अभ्यर्थियों की भागीदारी सबसे अधिक देखने को मिली है, जिससे इन खेलों की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत मिलता है। खिलाड़ियों के चयन और प्रशिक्षण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नगर निगम, माननीय सांसद, विधायक, पार्षद और सरकारी स्कूलों की सक्रिय भागीदारी हो रही है। नगर निगम के माध्यम से ईडब्ल्यूएस योजना के प्रचार-प्रसार को भी तेज किया गया है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इस अवसर का लाभ उठा सकें। सरकारी स्कूलों में विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जहां छात्रों को खेलों के प्रति प्रेरित किया जा रहा है और उनके फॉर्म भरने में सहायता की जा रही है।


टीएसएच में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, और इस बार भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीएसएच के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा नकद पुरस्कार और खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार न केवल खिलाड़ियों के लिए एक सम्मान होगा बल्कि उनके आत्मविश्वास और करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक भी बनेगा। इस योजना के अंतर्गत खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति और सब्सिडी को लेकर मूल्यांकन समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को विशेष लाभ देने पर विचार किया जाएगा।


"द स्पोर्ट्स हब" को कानपुर नगर निगम, खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान का सहयोग प्राप्त है, जिससे यह एक विश्वस्तरीय प्रशिक्षण केंद्र बन चुका है। यहां एनआईएस से प्रमाणित अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कोचिंग दी जाएगी और बच्चों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह केंद्र सभी खेलों के लिए एक संगठित और पेशेवर प्रशिक्षण प्रणाली प्रदान करता है, जिसमें खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से सशक्त और मानसिक रूप से दृढ़ बनाया जाता है। टीएसएच में दी जाने वाली कोचिंग केवल खेल तकनीकों तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों को फिटनेस, पोषण, खेल रणनीति और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि वे किसी भी प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।


पिछले सत्रों की सफलता को देखते हुए, यह योजना लगातार विस्तार कर रही है। अब तक चार बैच आयोजित किए जा चुके हैं:


पहला बैच: 10 मार्च 2023 से 9 जून 2023 (234 खिलाड़ी)


दूसरा बैच: 8 अगस्त 2023 से 7 नवंबर 2023 (245 खिलाड़ी)


तीसरा बैच: 15 मार्च 2024 से 14 जून 2024 (251 खिलाड़ी)


चौथा बैच: 5 अगस्त 2024 से 5 नवंबर 2024 (256 खिलाड़ी)

सोमवार, 24 फ़रवरी 2025

टीएसएच ब्लास्टर टीम के कप्तान की घोषणा, सतनाम सिंह को मिली जिम्मेदारी

 




-सतनाम सिंह बने टीएसएच ब्लास्टर के कप्तान, टीम में जोश और उत्साह

-केपीएल जीतने पर टीम को मिलेगा 'द स्पोर्ट्स हब' में सालभर फ्री मेंबरशिप

-टीएसएच ब्लास्टर ने शुरू किया हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग, जीत की तैयारी जोरों पर

-ग्रीन पार्क में होगा क्रिकेट महासंग्राम, टीएसएच ब्लास्टर की निगाहें ट्रॉफी पर

-फिटनेस, तकनीक और आत्मविश्वास – जीत के लिए टीएसएच ब्लास्टर की मंत्रणा


कानपुर। आगामी कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) में टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। इस टूर्नामेंट का आयोजन 2 मार्च से 11 मार्च तक ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में किया जाएगा। इस संदर्भ में, आज टीम के संरक्षक प्रणीत अग्रवाल ने टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम के कप्तान के रूप में सतनाम सिंह के नाम की घोषणा की।


सतनाम सिंह को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी

टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम के कप्तान बनाए गए सतनाम सिंह एक अनुभवी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने अंडर-19 और अंडर-23 श्रेणियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वह एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाएं हाथ से मध्यम गति की गेंदबाजी करते हैं।


टीम के कप्तान की घोषणा करते हुए, टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम के संरक्षक प्रणीत अग्रवाल ने न केवल सतनाम सिंह को बधाई दी बल्कि पूरी टीम को आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएँ भी दीं। इस अवसर पर उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम केपीएल ट्रॉफी जीतती है, तो पूरी टीम को 'द स्पोर्ट्स हब' (टीएसएच) में एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता प्रदान की जाएगी।


टीम के प्रशिक्षण और तैयारियों की रूपरेखा

टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम ने अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए मुख्य प्रशिक्षक शशिकांत खांडेकर और प्रशिक्षक आमिर खान की देखरेख में अभ्यास सत्र शुरू कर दिया है। टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए ग्राउंड अभ्यास, फिजिकल ट्रेनिंग, स्विमिंग, योग और जिम जैसी गतिविधियों में संलग्न किया जा रहा है।


मुख्य प्रशिक्षक शशिकांत खांडेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम को टीएसएच अकादमी के खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस मैच खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी मैच फिटनेस में सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक क्रिकेट में फिटनेस और मानसिक मजबूती बेहद आवश्यक है, इसलिए खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


केपीएल 2025: प्रतियोगिता और टीएसएच ब्लास्टर की रणनीति

कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक शानदार मंच है, जिसमें शहर के प्रमुख क्रिकेट क्लब और अकादमियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम की रणनीति न केवल अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर निर्भर करेगी बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी अवसर देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास करेगी। टीम प्रबंधन के अनुसार, इस साल केपीएल में प्रतियोगिता बेहद कड़ी रहने की उम्मीद है, क्योंकि विभिन्न टीमें राष्ट्रीय और राज्य स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर रही हैं।


टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम के समर्थकों में उत्साह

टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम की कप्तानी की घोषणा के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। क्रिकेट प्रेमी सतनाम सिंह की कप्तानी को लेकर आशान्वित हैं और उन्हें विश्वास है कि उनकी टीम इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करेगी। इस घोषणा के साथ ही, अब सभी की नजरें आगामी टूर्नामेंट पर टिक गई हैं, जहाँ टीएसएच ब्लास्टर आर्य नगर टीम अपनी प्रतिभा और मेहनत से केपीएल ट्रॉफी जीतने के लिए संघर्ष करेगी।

शनिवार, 1 फ़रवरी 2025

शहर में ‘पिकल बॉल’ को मिली नई उड़ान, ‘द स्पोर्ट्स हब’ में हुआ भव्य शुभारंभ

 






-पुलिस आयुक्त अखिल कुमार के संबोधन से युवा खिलाड़ियों में उमंग की नई लहर

-पुलिस आयुक्त ने खिलाड़ियों के साथ मैत्री मैच खेलकर किया कोर्ट का शुभारंभ

-सुनील वालावालकर व सुभ्रांशु चरन सारंगी के टिप्स से पिकल बॉल को मिली दिशा


कानपुर। तेजी से लोकप्रिय हो रहे ‘पिकल बॉल’ खेल को बढ़ावा देने के लिए शनिवार का दिन खास रहा। आज ‘द स्पोर्ट्स हब’ में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने इस खेल की औपचारिक शुरुआत की। इस ऐतिहासिक अवसर पर ऑल इंडिया पिकल बॉल एसोसिएशन के संस्थापक सुनील वालावालकर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभ्रांशु चरन सारंगी विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस आयोजन में शहर के खेल प्रेमी और युवा खिलाड़ी शामिल हुए, जिन्होंने पिकल बॉल को लेकर उत्साह दिखाया। अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने कहा, ‘‘कानपुर में पिकल बॉल की यह शुरुआत युवा खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। यह खेल न केवल फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मकता की भावना भी विकसित करता है। आने वाले वर्षों में कानपुर के खिलाड़ी इस खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। जल्द ही कानपुर में पिकल बॉल टूर्नामंेट भी प्रारंभ हो जायेंगे।’’ इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने स्थानीय खिलाड़ियों के साथ एक मैत्री मैच भी खेला।

कार्यक्रम में सुनील वालावालकर ने पिकल बॉल के नियमों, तकनीकों और इसकी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘‘यह खेल हर उम्र के लोगों के लिए उपयुक्त है और इसमें अपार संभावनाएं हैं। यदि सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिले, तो भारत इस खेल में विश्व स्तर पर मजबूत पहचान बना सकता है।’’ वहीं, सुभ्रांशु चरन सारंगी ने खेल की तकनीकी बारीकियों को समझाते हुए कहा कि ‘‘कानपुर के खिलाड़ियों में बेहतरीन टैलेंट है और उन्हें अगर सही प्रशिक्षण मिले तो वे इस खेल में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।’’

इस कार्यक्रम में ‘द स्पोर्ट्स हब’ के एमडी पीयूष अग्रवाल, डायरेक्टर प्रणीत अग्रवाल, प्रणव अग्रवाल और स्पोर्ट्स डायरेक्टर आर.पी. सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने पिकल बॉल को बढ़ावा देने के लिए अपने प्रयासों को साझा किया। डायरेक्ट प्रणव अग्रवाल ने कहा कि ‘‘द स्पोर्ट्स हब पिकल बॉल के लिए एक केंद्र के रूप में विकसित होगा, जहां खिलाड़ियों को सर्वाेत्तम प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।’’ इस शुभारंभ के साथ ही ‘द स्पोर्ट्स हब’ में पिकल बॉल के नियमित प्रशिक्षण सत्र शुरू करने की घोषणा की गई। इससे कानपुर के युवा खिलाड़ियों को एक नया मंच मिलेगा और वे इस खेल में अपना करियर बना सकेंगे। कार्यक्रम का संचालन टीएसएच के डायरेक्टर ऑपरेशन पीके श्रीवास्तव ने किया।

बुधवार, 18 दिसंबर 2024

शांति देवी शुक्ला मेमोरियल फुटसल चैंपियनशिप में भाग लेंगी 16 स्कूलों की टीमें

 



-‘द स्पोर्ट्स हब’ में 20 और 21 दिसंबर को होगा चैंपियनशिप का आयोजन

-शहर की 16 स्कूल टीमें फुटसल के रोमांचक मुकाबलों में टकराएंगी

-विजेताओं को ट्रॉफी के साथ मिलेंगे बेस्ट प्लेयर और हाईएस्ट स्कोरर अवार्ड

-नॉकआउट मुकाबलों में दिखेगा खिलाड़ियों का हुनर और टीमवर्क

-फुटसल को करियर विकल्प बनाने के लिए युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच


कानपुर: कानपुर फुटसल एसोसिएशन के तत्वावधान में ‘द स्पोर्ट्स हब’ (टीएसएच), आर्य नगर में 20 और 21 दिसंबर को शांति देवी शुक्ला मेमोरियल अंडर-14 इंटर स्कूल फुटसल चैंपियनशिप 2024 का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को टीएसएच में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान इस प्रतियोगिता की जानकारी दी गई। आयोजन समिति के अनुसार, यह टूर्नामेंट फुटसल खेल को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


16 स्कूलों की टीमें लेंगी हिस्सा

इस टूर्नामेंट में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों की 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें एलन हाउस, आर्मी पब्लिक स्कूल, सीलिंग हाउस, यूनाइटेड पब्लिक स्कूल और अन्य प्रमुख स्कूल शामिल हैं। सभी टीमों को दो दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता नॉकआउट प्रारूप में होगी, जिसमें हर मैच में खिलाड़ियों का हुनर और टीमवर्क देखने को मिलेगा।


फुटसल को बढ़ावा देने की पहल

कानपुर फुटसल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी डॉ. विकास विक्टर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य फुटसल जैसे रोमांचक और तेजी से बढ़ते खेल को शहर में लोकप्रिय बनाना है। "हम चाहते हैं कि युवा खिलाड़ी फुटसल को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपने भविष्य के करियर विकल्प के रूप में भी देखें। यह आयोजन खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव देगा और उनके कौशल को निखारने में मदद करेगा,"।


प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार

इस टूर्नामेंट में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ-साथ अन्य आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा, व्यक्तिगत श्रेणियों में बेस्ट प्लेयर, बेस्ट गोलकीपर और हाईएस्ट स्कोरर को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट दिए जाएंगे ताकि वे अपने अनुभव को यादगार बना सकें।


आयोजन समिति की उपस्थिति

पत्रकार वार्ता में कानपुर फुटसल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणीत अग्रवाल, जॉइंट सेक्रेटरी वैभव गोद, जय किशन और कन्वीनर अमिताभ गुप्ता उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट के आयोजन में पूरी पारदर्शिता और उच्च मानकों का पालन किया जाएगा।


शहर के खेल प्रेमियों के लिए बड़ा अवसर

शहर में फुटसल को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता के जरिए युवाओं में फुटसल के प्रति रुचि बढ़ेगी और शहर के खेल प्रेमियों को रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक फुटसल मुकाबले देखने को मिलेंगे।


आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। शांति देवी शुक्ला मेमोरियल अंडर-14 फुटसल चैंपियनशिप 2024 न केवल खेल का एक आयोजन है, बल्कि यह नई पीढ़ी को खेल के प्रति प्रेरित करने का एक प्रयास भी है।

सोमवार, 11 नवंबर 2024

दुर्घटना के दौरान फर्स्टएड की जानकारी से जीवन बचाने के टिप्स सीखे ट्रैफिक पुलिस ने

 





 पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर सम्मेलन हॉल  में  इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी कानपुर के तत्वाधान में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण  यातायात अधिकारी और सिपाहियों को दिया गया प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ आरके सफ़र सचिव रेड क्रॉस सोसायटी  ने किया  प्रशिक्षण रेड क्रॉस के सचिव आर के सफर और लखन शुक्ला मुख्य प्रशिक्षक आपदा प्रबंधन,मास्टर  ट्रेनर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी कानपुर द्वारा दिया गया  प्रशिक्षण में लखन शुक्ला  ने बताया यदि कोई एक्सीडेंट या आपदा में घायल होता है तो हमें उसकी मदद करनी चाहिए जिसके लिए लुक लिसेन एंड फील पद्धति द्वारा मरीज की स्थिति को देखते हैं प्रशिक्षण में सीपीआर द्वारा  कृत्रिम श्वास देकर मरीज  के जीवन को कैसे बचाये का डेमो दिया गया किसी घटना दुर्घटना के तीन कारण लापरवाही अज्ञानता जल्दबाजी है घायलों के मरने का सबसे बड़ा कारण समय पर उन्हें फस्ट एड नहीं मिल पाती है यदि हम घायल को गोल्डन आवर में मदद दे सबसे पहले रक्तस्राव को रोके रक्तश्राव रोकने हेतु तिकोनी पट्टी का प्रयोग बताया गया सी पी आर द्वारा कृतिम श्वांस के माध्यम से जीवन बचाने के तरीके सिखाया जिसमे सी पी आर के माध्यम से हृदय गति के मरीजों को कृतिम श्वास इलेक्ट्रिक अटेक बर्न एसिड बर्न में प्राथमिक उपचार का डेमो दिया गया  लखन शुक्ला और प्रीत तिवारी  ने टू हैंडसीट थ्री हैंडसीट तथा फोर हैंडसीट द्वारा रेस्कू कर घायल को ट्रांसपोर्ट करने का लाइव डेमो दिया गया

रविवार, 20 अक्टूबर 2024

नगर आयुक्त की बल्लेबाजी से जीती सीपी इलेवन




 


-सीपी इलेवन की टीम ने टीएसएच इलेवन को छह विकेट से हराया

-नगर आयुक्त ने 53 गेंदों पर 11 चौके लगाकर जोड़े शानदार 93 रन

-पहले बल्लेबाजी करके टीएसएच ने 20 ओवर में बनाए 175/5 रन

-सीपी इलेवन और टीएसएच इलेवन के बीच खेला गया उद्घाटन मैच

-नगर आयुक्त सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और रिषभ बने श्रेष्ठ गेंदबाज 

-उद्घाटन मैच के साथ हुआ पालिका स्टेडियम का लोकार्पण

-मैन आफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बालर, बेस्ट फील्डर, अधिकतम सिक्सर आफ द मैच के दिये गये अवार्ड

-सीपी इलेवन में पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी और नगर आयुक्त व अन्य अधिकारी रहे शामिल 

-टीएसएच इलेवन में द स्पोर्टस हब के मेंबर बने खिलाड़ी, फ्लड लाइट की रोशनी में खेला गया उद्घाटन मैच


कानपुर। शहर की साफ सफाई और विकास का जिम्मा संभालने वाले नगर आयुक्त सुधीर कुमार के हाथों में जब बल्ला आया तो उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 53 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 93 रन बनाए और नाबाद रहे। उनके रनों की बदौलत पालिका स्टेडियम में हुए सीपी इलेवन और टीएसएच इलेवन के बीच उद्घाटन मैच को सीपी इलेवन की टीम ने छह विकेट से जीत लिया। इसके पहले टास जीतकर सीपी इलेवन की टीम ने फील्डिंग करने का फैसला किया। 


पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार की कप्तानी में हुए मैच में उन्होंने इस प्रकार की फील्डिंग सजाई की टीएसएच इलेवन की टीम 20 ओवर में  पांच विकेट की नुकसान पर 175 रन ही बना सकी। टीएसएच की तरफ से करन दवे ने 41 गेंद पर 60 रन और शिखर ने 34 गेंद पर 47 रन बनाए। विकेट कीपर बल्लेबाज तरंग ने 33 रन बनाकर नाबाद रहे और सनी 12 रन बनाकर आउट हो गये। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। अच्छी फील्डिंग और गेंदबाजी का परिचय देते हुए सीपी इलेवन से एडीसीपी मनीष सोनकर, गौरांग राठी, रिषभ और जोगिंदर कुमार ने एक विकेट लिये। 


इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी सीपी इलेवन की टीम केस्को एमडी सैमुअल पाल और नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने सधी हुई शुरुआत की। सैमुअल पाल 10 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हो गये लेकिन नगर आयुक्त अंतिम तक डटे रहे। एडीजी जोन आलोक सिंह ने 5 रन, पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने 5 रन, गौरांग राठी ने 33 रन बनाकर आउट हुए। विकेट कीपर बल्लेबाज रिषभ ने नगर आयुक्त का साथ दिया और 8 गेंद पर 17 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को विजय दिलाई। गेंदबाजी में टीएसएच इलेवन की टीम से सनी, असीम जैन, नितिन गोयल को एक-एक विकेट प्राप्त हुए। शनिवार शाम साढ़े छह बजे से शुरु हुए टी-20 मैच में मैन आफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बालर, बेस्ट फील्डर, अधिकतम सिक्सर आफ द मैच के अवार्ड टीएसएच के निदेशक प्रणीत अग्रवाल, पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गोपाल शर्मा, पूर्व रणजी खिलाड़ी शशिकांत खांडेकर, राहुल सपरु ने किया। टीएसएच के निदेशक प्रणीत अग्रवाल ने विजेता व उप विजेता टीमों को ट्राफी प्रदान की।


फ्लड लाइट की रोशनी में हुआ मैच

फ्लड लाइट की रोशनी में चमचमाता मैदान, मानकों के रूप में मैदान में हर चीज व्यवस्थित, बैठने के लिये दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों के लिये पवेलियन। बात हो रही सालों से खस्ताहाल पड़े पालिका स्टेडियम की जो अब एक नये रूप में अवतरित हुआ है। महापौर और नगरनिगम की सकरात्मक सोच के साथ पालिका स्टेडियम क्रिकेट की नई पाठशाला के लिये तैयार है। शनिवार को सीपी इलेवन व टीएसएच के मैच के आयोजन के साथ पालिका स्टेडियम का लोकार्पण हुआ। 


पालिका स्टेडियम का उद्धघाटन मैच

उद्धघाटन मैच सीपी इलेवन और टीएसएच इलेवन के बीच खेला गया। सीपी इलेवन के कप्तान पुलिस कमिश्नर श्री अखिल कुमार रहे। इसके साथ ही एडीजी जोन एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी श्री आलोक सिंह, डीआईजी रेंज श्री जोगिंदर कुमार, अपर पुलिस आयुक्त श्री हरीश चंदर, ब्रिगेडियर श्री हसन, डीएम कानपुर श्री राकेश कुमार, एमडी केस्को श्री सैमुअल, डीएम उन्नाव श्री गौरांग, नगर आयुक्त श्री सुधीर कुमार, एडीएम सिटी श्री राजेश, एडिशनल डीसीपी क्राइम श्री मनीष कुमार, सिविल जज श्री अक्षय, एसीपी बिल्हौर श्री सुमित, एसडीएम नर्वल श्री रिषभ, एसीपी सीसामऊ श्री अभिषेक शामिल रहे।


20 ओवर का रखा गया था मैच

वहीं टीएसएच 11 की टीम में श्री अमल गुप्ता कप्तान, श्री करण दवे उप कप्तान, श्री वैभव सेठ, श्री अनिरुद्ध गुप्ता, श्री अनिमेष गुप्ता, श्री नितिन गोयल, श्री तरंग वर्मा विकेट कीपर, श्री हर्ष ओमर, श्री असीम जैन, श्री अमित पांडे, श्री वैभव भाटिया, श्री शिखर गुप्ता शामिल रहे।

शनिवार शाम साढ़े छह बजे से शुरु हुए टी-20 मैच में प्रत्येक टीम को खेलने के लिये 20-20 ओवर रखे गये थे। मैच में मैन आफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बालर, बेस्ट फील्डर, अधिकतम सिक्सर आफ द मैच के अवार्ड भी दिये गये।

शनिवार, 19 अक्टूबर 2024

सीपी इलेवन व टीएसएच के मैच से हुआ पालिका स्टेडियम का लोकार्पण

 




-मैन आफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बालर, बेस्ट फील्डर, अधिकतम सिक्सर आफ द मैच के दिये गये अवार्ड

-सीपी इलेवन में पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी और नगर आयुक्त व अन्य अधिकारी रहे शामिल 

-टीएसएच इलेवन में द स्पोर्टस हब के मेंबर बने खिलाड़ी, फ्लड लाइट की रोशनी में खेला गया उद्घाटन मैच


कानपुर। फ्लड लाइट की रोशनी में चमचमाता मैदान, मानकों के रूप में मैदान में हर चीज व्यवस्थित, बैठने के लिये दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों के लिये पवेलियन। बात हो रही सालों से खस्ताहाल पड़े पालिका स्टेडियम की जो अब एक नये रूप में अवतरित हुआ है। महापौर और नगरनिगम की सकरात्मक सोच के साथ पालिका स्टेडियम क्रिकेट की नई पाठशाला के लिये तैयार है। शनिवार को सीपी इलेवन व टीएसएच के मैच के आयोजन के साथ पालिका स्टेडियम का लोकार्पण हुआ। 


उद्धघाटन मैच सीपी इलेवन और टीएसएच इलेवन के बीच खेला गया। सीपी इलेवन के कप्तान पुलिस कमिश्नर श्री अखिल कुमार रहे। इसके साथ ही एडीजी जोन एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी श्री आलोक सिंह, डीआईजी रेंज श्री जोगिंदर कुमार, अपर पुलिस आयुक्त श्री हरीश चंदर, ब्रिगेडियर श्री हसन, डीएम कानपुर श्री राकेश कुमार, एमडी केस्को श्री सैमुअल, डीएम उन्नाव श्री गौरांग, नगर आयुक्त श्री सुधीर कुमार, एडीएम सिटी श्री राजेश, एडिशनल डीसीपी क्राइम श्री मनीष कुमार, सिविल जज श्री अक्षय, एसीपी बिल्हौर श्री सुमित, एसडीएम नर्वल श्री रिषभ, एसीपी सीसामऊ श्री अभिषेक शामिल रहे।


वहीं टीएसएच 11 की टीम में श्री अमल गुप्ता कप्तान, श्री करण दवे उप कप्तान, श्री वैभव सेठ, श्री अनिरुद्ध गुप्ता, श्री अनिमेष गुप्ता, श्री नितिन गोयल, श्री तरंग वर्मा विकेट कीपर, श्री हर्ष ओमर, श्री असीम जैन, श्री अमित पांडे, श्री वैभव भाटिया, श्री शिखर गुप्ता शामिल रहे।


शनिवार शाम साढ़े छह बजे से शुरु हुए टी-20 मैच में प्रत्येक टीम को खेलने के लिये 20-20 ओवर रखे गये थे। मैच में मैन आफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बालर, बेस्ट फील्डर, अधिकतम सिक्सर आफ द मैच के अवार्ड भी दिये गये।

बुधवार, 16 अक्टूबर 2024

स्पोर्ट्समैन लाइफ में कभी झटका नहीं खाता-पुलिस आयुक्त

 





-खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते टीएसएच में बोले पुलिस आयुक्त अखिल कुमार

-टीएसएच थर्ड स्टैग ग्लोबल यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में दूसरा दिन

-पुलिस कमिश्नर,कानपुर श्री अखिल कुमार ने किया टूर्नामेंट में पुरस्कार वितरण

-पुरुष वर्ग में गाजियाबाद के सार्थ मिश्रा बने टूर्नामेंट चैंपियन

-महिला वर्ग में गाजियाबाद की सुहाना महाजन बनी विजेता


कानपुर। ‘द स्पोर्ट्स हब’ और कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में टीएसएच थर्ड स्टैग ग्लोबल यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन मंगलवार को पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर कानपुर नगर अखिल कुमार द्वारा पुरस्कृत किया गया।


 इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने खिलाड़ियों से कहा की खिलाड़ी रोज हराना सीखता है और जो हारना सीख गया वो जीवन में कभी नहीं हारता और ना कभी निराश होता है। खेल बहुत कुछ सिखाता है अनुसाशन, एकाग्रता, टीम भावना जिनमें प्रमुख है। किसी अन्य विधा और क्षेत्र का व्यक्ति जीवन में परेशानी या बुरा समय आने पर हार सकता है लेकिन उसी स्थिति में रहने पर स्पोर्ट्समैन लाइफ में कभी झटका नहीं खाता है। कार्यक्रम के अंत में संजीव पाठक जी सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच पर प्रमुख रूप से अरुण बनर्जी( पूर्व सचिव टीटीएफआई), अंतराष्ट्रीय टीटी खिलाड़ी गीता टंडन कपूर, टीएसएच के निदेशक प्रणीत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष, यूपीटीटीए पी के जैन, सचिव के टी टी ए संजय टंडन, राकेश सिंह उपस्थित थे । संचालन आशुतोष सत्यम झा ने किया । कार्यक्रम में प्रमुख रूप से टीएसएच के डायरेक्टर आपरेशंस पीके श्रीवास्तव, सुनील सिंह, रवि पोपटानी, अनिल वर्मा, अविनाश यादव, अनमोल दीप आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।


आज के परिणाम इस प्रकार है -

फाइनल - 

सार्थ मिश्रा गाजियाबाद ने दिव्यांश श्रीवास्तव लखनऊ को 8/11,11/5,11/7,11/5 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

सेमी फाइनल 

दिव्यांश श्रीवास्तव लखनऊ ने अंश सबरवाल सहारनपुर को 11/5,12/10,5/11,11/8 से तथा सारथ मिश्रा गाजियाबाद ने अवि पाल प्रयागराज को 11/7,12/10,12/14,11/8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

क्वार्टर फाइनल - दिव्यांश श्रीवास्तव लखनऊ ने सत्यम गिरी गुप्ता कानपुर को 11/6,11/8,11/5 से अंश सबरवाल सहारनपुर ने सुब्रत राज वर्मा इटावा को 11/4,11/5,9/11,11/9 से सार्थ मिश्रा गाजियाबाद ने श्रीधर जोशी को 14/12,6/11,11/3,11/7 से अवि पाल प्रयागराज ने अरविंद चौधरी गाजियाबाद को 11/4,11/4,11/6 से हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश किया 

महिला वर्ग 

फाइनल सुहानी महाजन गाजियाबाद ने अवनी त्रिपाठी गाजियाबाद को 8/11,14/12,7/11,11/7,13/11 से हराकर खिताब अपने नाम किया। 

सेमी फाइनल अवनी त्रिपाठी गाजियाबाद ने अनिका गुप्ता गाजियाबाद  को 11/4,11/7,7/11,11/6 से तथा सुहानी महाजन गाजियाबाद ने 

आरती चौधरी गाजियाबाद को 11/7,6/11,12/10,11/7 से हराकर फाइनल में पहुंचे।

क्वार्टर फाइनल 

अनिका गुप्ता गाजियाबाद ने गुनगुन साहू लखनऊ को 11/7,13/11,11/6 से अवनी त्रिपाठी गाजियाबाद ने दिशा गाजियाबाद को 10/12,11/2,11/8,13/11 से सुहानी महाजन गाजियाबाद ने वैष्णवी धुरिया प्रयागराज को 11/5,11/9,11/6 से आरती चौधरी गाजियाबाद ने सृष्टि जायसवाल प्रयागराज को 3/11,8/11,12/10,11/3,

13/11 से हराकर सेमी फाइनल में अपनी जगह बनाई।

यूथ बालक 

रौनक सिंह गाजियाबाद ने अंकित पाल प्रयागराज को 11/3,11/6,11/8 से अवि पाल प्रयागराज ने अथर्व श्रीवास्तव प्रयागराज को 11/6,11/9,11/8 से,युवान गौतम बुद्ध नगर ने श्री सारस्वत को 11/3,11/8,15/13 से आर्यन कुमार प्रयागराज ने शिवम् चौधरी सहारनपुर को 12/14,11/7,11/6,11/4 से आदित्य सिंह अलीगढ़ ने अभ्युदय प्रताप सिंह गोरखपुर को 9/11,11/4,11/6,11/5 से मौलिक चौधरी आगरा ने विख्यात कतियाल मुरादाबाद को 11/4,11/4,7/11,11/7 से अद्वैत गुप्ता कानपुर ने आयुष बग्गा लखनऊ को 11/1,11/4,13/11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

यूथ बालिका वर्ग

क्वार्टर फाइनल - सुहानी महाजन गाजियाबाद ने सौम्य सिंह वाराणसी को 11/4,11/4,11/6 से अवनी त्रिपाठी ने त्रिशा गाजियाबाद को 11/5,11/5,11/5 से अनिका गुप्ता गाजियाबाद ने यशिका तिवारी गाजियाबाद को 11/9,11/4,11/8से तथा दिशा गाजियाबाद ने सुहानी अग्रवाल आगरा को 7/11,11/6,12/10,18/16 से हराकर सेमी फाइनल में अपनी जगह बनाई।

कल सायं चार बजे पुरस्कार वितरण। अपर महानिदेशक पुलिस, कानपुर जोन श्री आलोक सिंह करेंगे।