शनिवार, 29 अगस्त 2026

कानपुर में कल सजेगा 22वां श्री श्याम महोत्सव, विदेशी फूलों से होगा बाबा का दिव्य श्रृंगार*

 


 श्रवण गुप्ता  9838885767


*कानपुर, 29 अगस्त।* श्री श्याम जी सखा मण्डल (पंजी.) कानपुर द्वारा 22वां श्री श्याम महोत्सव कल 30 अगस्त, रविवार को भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन होटल दि ब्रिज, निकट जरीब चौकी, जी.टी. रोड, कानपुर में दोपहर 2:00 बजे से होगा।


महोत्सव का शुभारंभ बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया जाएगा। इसके बाद बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजनों की रसधारा प्रवाहित होगी।


*पर्यावरण अनुकूल दरबार, 20 कारीगर दिन-रात जुटे*

मण्डल के सदस्य अनमोल अग्रवाल ने बताया कि इस बार महोत्सव के लिए पर्यावरण के अनुकूल भव्य श्याम दरबार बनाया जा रहा है। कोलकाता और जयपुर से आए लगभग 20 कुशल कारीगर पिछले कई दिनों से दरबार को सजाने में जुटे हैं।


*7 देशों के फूलों से सजेगा बाबा का दरबार*

इस बार बाबा के श्रृंगार के लिए देश-विदेश के दुर्लभ फूल मंगाए गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के वॉराटाह व गोल्डन वॉटल, न्यूजीलैंड के कोवाई व मैनुका, इटली के गुलाब व लिली, श्रीलंका के कमल, नील मानेल व चमेली तथा कोलकाता के कमल, गेंदा, रजनीगंधा, बेला, जूही व अपराजिता से बाबा का पुष्प श्रृंगार किया जाएगा।


*एक साथ होंगे तीन स्वरूपों के दर्शन*

महोत्सव का मुख्य आकर्षण बाबा के तीन दिव्य स्वरूपों के एक साथ दर्शन होंगे। प्रथम स्वरूप में बाबा लीले घोड़े पर, मध्य में भव्य विग्रह के रूप में और तीसरे स्वरूप में श्रीकृष्ण के रूप में दर्शन देंगे। साथ ही श्री राम दरबार और श्री शिव परिवार के भी दर्शन होंगे।


*ये प्रसिद्ध गायक देंगे प्रस्तुति*

भजनों के लिए कोलकाता से शुभम रूपम, नीमच से सुश्री कनिका ग्रोवर, जयपुर से चैतन्य दधीचि और कानपुर से संदीप दीक्षित को आमंत्रित किया गया है।


पूरे देश के भक्तों के लिए कोलकाता के धार्मिक चैनल 35 MM द्वारा महोत्सव का सजीव प्रसारण किया जाएगा।


प्रेस वार्ता में रूचि किशोर गुप्ता, अनुभव अग्रवाल, निखिल गर्ग, गोपाल बागरिया, नितिन गर्ग, रितेश खण्डेलवाल आदि सदस्य मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें