*
श्रवण कुमार गुप्ता
9838885767
*कानपुर।* कानपुर शहर अब फिल्म शूटिंग का अड्डा बनता जा रहा है। शहर में लगातार फिल्मों की शूटिंग हो रही है और इसे लेकर लोगों में काफी उत्साह है। पहले 'बंटी और बबली' जैसी चर्चित फिल्म और अब सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बन रही बड़ी फिल्म 'गांधी एंड माई मदर' की शूटिंग कानपुर में चल रही है।
आनंद बाग से लेकर पी रोड और धनकुट्टी तक पिछले तीन दिनों से रात में लगातार शूटिंग चल रही है। शहर की पुरानी गलियां, मकान और ऐतिहासिक लोकेशन अब सीधे बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।
फिल्म के कोऑर्डिनेटर आमानुर्रहमान ने बताया कि निर्माता अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हिरावत की इस ऐतिहासिक फिल्म का तीन दिवसीय शेड्यूल पी एफ सी फिल्म्स के बैनर तले चल रहा है।
*फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट -*
'गांधी एंड माई मदर' फिल्म आजादी से पहले बंगाल में हुए दंगों, नोआखली दंगा और कलकत्ता नरसंहार (1946-47) की पृष्ठभूमि पर आधारित है। जब देश के बाकी नेता आजादी के जश्न की तैयारी में थे, तब महात्मा गांधी बंगाल में शांति यात्रा और आमरण अनशन कर सांप्रदायिक हिंसा को शांत करा रहे थे। यहां तक कि 15 अगस्त 1947 को भी गांधी जी दिल्ली के जश्न में शामिल नहीं हुए थे। इसी शांति अभियान और अनशन की कहानी को फिल्म में दिखाया गया है।
फिल्म में गांधी जी की भूमिका में मनोज वाजपेयी हैं, साथ ही सौरभ शुक्ला, वहीदा रहमान और दिव्या दत्ता मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म में कानपुर के स्थानीय रंगकर्मियों को भी बड़ा मौका मिला है। स्थानीय कलाकार आंशु कुमार ने धमाके में घायल होने वाले युवक का दमदार अभिनय किया है, तो वहीं बॉलीवुड एक्टर राजेंद्र कुमार राज ने बंगाली कलाकार के साथ आंदोलन के दृश्य में गांधी जी के मिशन को समझाते हुए आजादी से पहले के नागरिक की भूमिका में शानदार एक्सप्रेशन दिया है।
फिल्म में कानपुर के कलाकार राजेंद्र कुमार राज, मृदुल दुबे, आकाश दुबे, आंशु कुमार, हिमांशु निषाद, राजा सिंह, प्रशांत, ऋषभ सिंह, चांद, मनोज त्रिवेदी, संजय त्रिवेदी सहित कई युवा कलाकार काम कर रहे हैं।
शहर के युवाओं के लिए यह एक बड़ा मौका है और कानपुर की गलियां अब सीधे थिएटर में दिखेंगी।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें