गुरुवार, 10 सितंबर 2026

कानपुर में जर्जर धर्मशाला पर कब्जे का आरोप, ट्रस्ट के सदस्यों ने डीएम से लगाई गुहार

 





कानपुर। शहर में लगातार पुराने और जर्जर मकानों के गिरने की घटनाओं के बीच रामबाग स्थित श्री स्वामी लीला शाह मेमोरियल ट्रस्ट का भवन भी चिंता का कारण बना हुआ है। ट्रस्ट पदाधिकारियों का कहना है कि भवन पूरी तरह जर्जर और गिराऊ स्थिति में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मामले को लेकर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।ट्रस्ट अध्यक्ष हीरालाल खत्री ने बताया कि धर्मशाला के बाहरी हिस्से के एक कमरे में पूर्व में भावनदास गोदवानी और उनके पुत्र आरके गोदवानी को कुछ समय के लिए केयरटेकर के रूप में रखा गया था। उनके निधन के बाद कमरे को खाली करने के लिए उनके परिजनों शशांक गोदवानी और श्रेयांश गोदवानी को सूचित किया गया, लेकिन आरोप है कि कमरे पर जबरन कब्जा कर लिया गया।ट्रस्ट के पैरोकार शरद लोचन शुक्ला का आरोप है कि कमरे पर कब्जे के कारण जर्जर भवन का निर्माण और मरम्मत कार्य भी नहीं कराया जा पा रहा है। इसके चलते गरीब और असहाय लोगों को धर्मशाला की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। आसपास के लोगों ने भी भवन की जर्जर हालत को लेकर चिंता जताई है।ट्रस्ट पदाधिकारियों के मुताबिक मामले की शिकायत पहले नगर निगम और केडीए में भी की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने और कथित कब्जे को हटवाने की मांग की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें